Tuesday, December 6, 2016

मुख्यमंत्री जयललिता का निधन....

  
कहते हैं इंसान अपने कर्मों से जाना जाता है और उसके कर्म ही उसकी याद बन जाते हैं। तमिलनाडू की मुख्यमंत्री रहीं जयललिता ने जीवन में कुछ ऐसा ही किया था। 68 साल की उम्र में देश की राजनीति को नई दिशा दिखाकर तमिलनाडू की मुख्यमंत्री जयललिता ने सोमवार रात अपनी अंतिम सांस ली।
भारतीय राजनीति का अहम हिस्सा रहीं तमिलनाडू की मुख्यमंत्री जयललिता ने स्कूल की पढ़ाई के दौरान ही मां के मदद से फिल्मों में काम करना शुरु कर दिया था। मात्र 15 वर्ष की आयु में उन्होंने कन्नड़ फिल्मों में अभिनय किया। वे पहली ऐसी अभिनेत्री थीं जिन्होंने स्कर्ट पहनकर भूमिका निभाई थी। जयललिता ने करीब तीन सौ फिल्मों में काम किया। तमिल के अलावा उन्होंने अंग्रेजी और हिन्दी फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र सहित कई अभिनेताओं के साथ अभिनय किया।
सन 1982 में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की सदस्यता ग्रहण करते हुए अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सबसे पहले उन्होंने राज्यसभा में कदम रखा। इसके बाद राजनीति में गहरी उतरती चली गईं। 1991 में तमिलनाडू में राज्य मे सबसे कम उम्र की मुख्यमंत्री बनीं। राजनैतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखने के बाद उन्होंने अपना सफर जारी रखा और छह बार राज्य की मुख्यमंत्री बनीं। अपने सामाजिक कार्यों से उन्होंने राज्यवासियों के दिल में ऐसी जगह बनाई कि हर कोई उन्हें अम्मा कहकर पुकारता रहा। उन्होंने कई कल्याणकारी योजना चलाईं जो सभी को लाभ पहुंचा रही हैं। उनके द्वारा चलाई गई अम्मा किचन योजना के तहत हर किसी को मामूली दामों पर भरपेट भोजन नसीब हुआ। इन्ही कल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता को उनसे भावनात्मक लगाव हुआ। आज उनके द्वारा चलाईं जा रही योजनाएं एक मिसाल हैं।